लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई का दौर शुरू होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. इसका असर धीरे-धीरे यूपी के मौसम पर भी दिखेगा और बारिश की गतिविधियां कमजोर होने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- मिड-डे मील पर बड़ा दांव: अब बच्चों के साथ पंगत में बैठेंगे मास्टर साहब; प्रयागराज स्कूल समीक्षा से सामने आई हैरान करने वाली रिपोर्ट

45 जिलों में मौसम साफ रहने के आसार

शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज समेत प्रदेश के करीब 45 जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और स्थानीय परिस्थितियों के कारण हल्की बारिश या गरज-चमक देखने को मिल सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

18 जिलों में बारिश और गरज का अलर्ट

मानसून कमजोर पड़ने के बावजूद पूर्वांचल में बारिश का असर बना हुआ है. सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, बलिया, ललितपुर, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, देवरिया और गोरखपुर समेत 18 जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

पश्चिमी यूपी में पहले बदलेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में 19 सितंबर के बाद मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने लगेगा. वहीं पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियों में कमी आने में थोड़ा और समय लग सकता है. इस दौरान तापमान में भी धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है.

इसे भी पढ़ें- दिव्यांगजनों के लिए योगी सरकार का बड़ा तोहफा! अब दफ्तरों के चक्कर बंद, यूपी के हर विधानसभा में घर के पास मिलेंगी सुविधाएं

अरब सागर की नमी से बन रहे बादल

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के कारण यूपी के कुछ हिस्सों में बादल बन रहे हैं. प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम की वजह से ये बादल सक्रिय हो रहे हैं, जिससे कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. IMD के अनुसार मानसून की वापसी की शुरुआत के साथ बारिश का दायरा धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है.