उत्तर प्रदेश में नीट यूजी-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस सीटों पर प्रवेश के लिए प्रथम चरण की काउंसलिंग 7 अगस्त से शुरू हो रही है। अभ्यर्थी 12 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण, दस्तावेज अपलोड और धरोहर राशि जमा कर सकते हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नीट यूजी-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की राज्य कोटा सीटों पर प्रवेश के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीएमई), उत्तर प्रदेश के अनुसार अभ्यर्थी 7 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण, दस्तावेज अपलोड और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण और आवश्यक अभिलेख अपलोड करने की प्रक्रिया 7 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 12 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे तक चलेगी। वहीं, पंजीकरण शुल्क और सिक्योरिटी (धरोहर) धनराशि जमा करने की अंतिम समय सीमा 12 अगस्त को शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

12 अगस्त तक का समय

डीजीएमई नेहा शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग राज्य के सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेजों, डेंटल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में संचालित एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की राज्य कोटा सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित की जा रही है। विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि काउंसिलिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महानिदेशालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसिलिंग से संबंधित नवीनतम सूचनाओं, दिशा-निर्देशों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी के लिए UPNEET और डीजीएमई, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइटों का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 8189011696, 8189011697, 8189011698, 8189011699 और 8189011700 भी जारी किए हैं।