लखनऊ. सड़क धंसने का एक वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा ने उप्र को बदनामी के सिवा और कुछ नहीं दिया है. आगरा में दुनियाभर के पर्यटक सैकड़ों साल पहले बनी शानदार इमारतों और निर्माणों को देखकर जब आश्चर्य से दांतों तले उंगली दबा रहे होते हैं तो उसी समय उनके सपने जैसी अवस्था तुरंत झटका खाती है, क्योंकि उनकी गाड़ी भाजपा के समय में, अभी हाल बनी किसी सड़क के गड्ढे में धंसकर उनका सारा स्वप्न तोड़ देती है.
इसे भी पढ़ें- अरे अखिलेश बाबू मिल गया हत्यारा… लखनऊ में हुई हत्या के आरोपी की गिरफ्तार के बाद ओपी राजभर का हमला, सपा सुप्रीमो पर लगाए गंभीर आरोप
आगे अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा का भ्रष्टाचार दुनियाभर में देश की छवि ख़राब कर रहा है. इससे सब जगह ये संदेश जाता है कि उप्र की भाजपा सरकार बेहद भ्रष्ट है क्योंकि वो उस आगरा तक का ख़्याल नहीं रखती है जहाँ समस्त विश्व से पर्यटक आते हैं तो बाक़ी शहरों की क्या दुर्दशा होगी. आगरा में फैली आर्थिक मंदी का कारण सिर्फ़ भाजपा की भ्रष्ट नीतियां हैं. यहां की पर्यटन, होटल, गाइड, टैक्सी, टूर आपरेटर्स इंडस्ट्री से लेकर दालमोठ-पेठे, हस्तशिल्प, संगमरमर की कलाकृतियों व जूते तक का हर कारोबार भाजपा के कारण ठप्प-सा हो गया है.
इसे भी पढ़ें- यमराज कहां है योगी जी! रातभर बंधक बनाकर मानसिक रूप से कमजोर किशोरी से गैंगरेप, नारी सुरक्षा के दावे खोखले, ऐसे में कैसे आएगा रामराज?
आगे उन्होंने कहा, इन पर्यटकों में ही दुनिया के जानेमाने राजनेता, पूंजीपति, उद्योगपति व निवेशक भी होते हैं, जो इस बदइंतज़ामी और बदहाली को देखकर उप्र में निवेश के लिए एक पैसा भी नहीं लगाना चाहते हैं. दूसरी तरफ़ उप्र के मुखिया जी के मुख से निकले दुर्वचन बताते हैं कि उप्र में भेदभाव का स्तर, हर सीमा लांघ चुका है. भाजपाइयों के इस पक्षपातपूर्ण रवैये से डरकर भी इन्वेस्टर्स उप्र में अपना पैसा नहीं फँसाना चाहते हैं. सोशल के साथ ही लेबर अनरेस्ट और बिजली-पानी-सड़क-यातायात की ध्वस्त व्यवस्था की तस्वीरें भी पूरी दुनिया में प्रदेश को बदनाम कर रही हैं. भाजपा जाए तो, आगरा फिर खिलखिलाए!

