आगरा. साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक महिला से कई बार में 21,31,847 रुपये की ठगी की गई. महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बता दें कि सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली सुमन राठौर साइबर ठगी का शिकार हो गईं. पीड़िता के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 को उन्हें फिनसोल सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम से चल रहे एक ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा गया. यहां कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया और निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया.

इसे भी पढ़ें- इनके साथ अन्याय क्यों योगी जी? NHM संविदा कर्मचारियों की मांगों को चंद्रशेखर आजाद का समर्थन, सरकार से कह दी बड़ी बात

ग्रुप एडमिन के कहने पर सुमन ने ट्रेडिंग अकाउंट बनाया. शुरुआत में उनसे यूपीआई के जरिए 100 रुपये जमा कराए गए. इसके बाद 8 जुलाई को ही 9,900 रुपये और अगले दिन 8,000 रुपये जमा कराए गए. ये रकम अन्य इंटरप्राइजेज के नाम से कोटक महिंद्रा बैंक के खाते में भेजी गई.

पीड़िता के अनुसार, 20 जुलाई को उन्होंने दो लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए बताए गए खाते में भेजे. इसके बाद 27 जुलाई को एक अन्य खाते में 5.30 लाख रुपये जमा कराए. ट्रेडिंग ऐप पर उनके निवेश और मुनाफे को मिलाकर कुल 21,31,847 रुपये दिखाई दे रहे थे.

इसे भी पढ़ें- ये डर नहीं तो और क्या! जंतर-मंतर को ‘प्रोटेस्ट साइट’ की सूची से हटाने पर अखिलेश ने सरकार को घेरा, हार करार देते हुए दिया बड़ा बयान

वहीं जब सुमन ने ऐप से अपनी रकम बैंक खाते में निकालने की कोशिश की, तो ग्रुप एडमिन अनन्या कुलकर्णी ने उनसे 11.60 लाख रुपये और जमा करने को कहा. उन्हें बताया गया कि यह रकम जमा करने के बाद शेयर बेचकर पूरा भुगतान कर दिया जाएगा. इतनी बड़ी रकम दोबारा मांगे जाने पर महिला को ठगी का शक हुआ. पीड़िता का कहना है कि संबंधित ट्रेडिंग ग्रुप और उसका एडमिन अब भी सक्रिय हैं. शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.