लखनऊ. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हजारों संविदा कर्मचारी सेवा नियमितीकरण करने समेत कई मांगों को लेकर 5 दिन से धरने पर हैं. जिसे लेकर नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के हजारों संविदा कर्मचारियों का लखनऊ के इको गार्डेन में आंदोलन के पांचवें दिन भी धरने पर बैठे रहना गंभीर चिंता का विषय है.
इसे भी पढ़ें- लौंग, चावल और मोटी चपतः युवक को खंभे में बांधकर लोगों ने दी ‘तालिबानी’ सजा, मामला जानकर रह जाएंगे हैरान
आगे उन्होंने कहा कि करीब 20 वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाले ये कर्मचारी आज भी नौकरी की अस्थिरता और सामाजिक सुरक्षा के अभाव से जूझ रहे हैं. स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मचारियों को अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़े, यह चिंताजनक है.
आगे नगीना सांसद ने कहा कि NHM संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा नियमितीकरण, EPF, ग्रेच्युटी एवं स्वास्थ्य बीमा, पारदर्शी स्थानांतरण नीति और लंबित सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान शामिल है. यूपी सरकार से मांग है कि कर्मचारियों की समस्याओं पर तत्काल वार्ता कर ठोस निर्णय लिया जाए और उन्हें सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा एवं स्थायी भविष्य की गारंटी दी जाए.
इसे भी पढ़ें- BREAKING: BJP नेता को बंधक बनाकर 50 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने…
चंद्रशेखर आजाद ने ये भी कहा कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम)-भीम आर्मी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों की सभी जायज मांगों का पूर्ण समर्थन करती है और उनके अधिकारों एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है. उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार बनने पर NHM संविदा कर्मचारियों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे.

