कानपुर. उत्तर प्रदेश के कानपुर में भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के घर लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. सोमवार (12 अक्टूबर 2026) आधी रात नकाबपोश बदमाशों ने उनके घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया और कथित तौर पर 50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. घटना पश्चिमपारा थाना क्षेत्र की है. सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें-नारी सम्मान ही समृद्ध समाज की नींव : नवरात्रि के तीसरे दिन योगी का संदेश, 2017 से पहले की व्यवस्थाओं पर निशाना
हाथ-पैर बांधकर बनाया बंधक
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात नकाबपोश बदमाश रमेश यादव के घर में घुसे. आरोप है कि बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और इसके बाद घर में लूटपाट की. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. लूट की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बदमाशों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की. घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
एक अक्टूबर को बने थे प्रदेश मंत्री
रमेश यादव को एक अक्टूबर को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया था. सोमवार को उन्होंने लखनऊ में पदभार ग्रहण किया और देर शाम कानपुर पहुंचे थे. इसके कुछ ही घंटों बाद उनके घर में लूट की वारदात हो गई. पुलिस उनके आने-जाने के समय और घटना के घटनाक्रम की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- लखनऊः होटल के कमरे में युवती के साथ क्या हुआ? 10वीं मंजिल से गिरकर मौत, साथ आया युवक फरार
दो बार रह चुके हैं ब्लॉक प्रमुख
रमेश यादव दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं. उनकी पत्नी शशि यादव भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं. रमेश यादव ने वर्ष 2022 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

