मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. जिले में भारी बारिश के कारण नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है. शहर के फतेहगंज ऋषि टोला इलाके में नाले के ऊपर बनी सड़क पर नाले का होल खुला होने से एक बड़ा हादसा हो गया. सवारियों से भरा ऑटो पलट गया. जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री जी ने धमकी भरे अंदाज में खुद…PDA को लेकर CM योगी के बयान पर अखिलेश का हमला, दी माला बनाकर जाप करने की सलाह
जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश से नाला उफान पर था. इसी दौरान सवारियों से भरा एक ऑटो नाले के खुले होल में पलट गया. ऑटो में 6 से 8 लोग सवार थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. गनीमत रही कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. सभी यात्री बाल-बाल बच गए.
इसे भी पढ़ें- अपना ही निकला दगाबाजः रकम दोगुनी करने का झांसा देकर युवक ने मौसा से ठगे 11 लाख, जानिए कैसे लगाया चूना…
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नाले का ढक्कन लंबे समय से खुला पड़ा है, जिसकी शिकायत कई बार नगर निगम से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. भारी बारिश में सड़क पर पानी भरने से होल दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया. इस घटना ने एक बार फिर अयोध्या नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर समय रहते नाले को ढका नहीं गया तो कोई बड़ी जनहानि हो सकती है.

