अयोध्या. राम मंदिर दानपात्र से धन चोरी के मामले को लेकर अयोध्या में सियासी घमासान अब पोस्टर वॉर तक पहुंच गया है. विपक्ष के आरोपों के बाद अब पक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाना बनाते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का फोटो लगाकर लिखा गया है कि मुलायम सरकार की असलियत. दिल में बाबर, मुंह में राम. अयोध्या में हनुमानगढ़ी पर कराई नमाज, सपाइयों को तब न आई लाज.
इसे भी पढ़ें- खेला हो गया! मजदूर ने खाते से किया 41 करोड़ का लेन-देन, आयकर विभाग ने भेजा नोटिस, हकीकत जानकर चकरा जाएगा सिर
पोस्टर लगने के बाद प्रशासन ने आनन फानन में धर्म पथ सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों से अधिकांश बैनर और पोस्टर हटवा दिए हैं. कई स्थानों पर पोस्टर आधे फटे और अधूरे दिखाई दिए, जिससे स्पष्ट है कि प्रशासन ने उन्हें हटाने की कार्रवाई की है. सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर और बैनरों को अयोध्या पुलिस ने हटवाया है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव जी! आपके सपाई गुंडों ने… ओपी राजभर ने सपा के कार्यकाल को बताया ‘आतंकराज’, सपा सुप्रीमो पर बोला तीखा हमला
गौरतलब है कि राम मंदिर दानपात्र से धन चोरी का मामला सामने आने के बाद से राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज है. विपक्ष सरकार और मंदिर प्रबंधन पर सवाल उठा रहा है, जबकि सत्तापक्ष विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक अवसरवाद बता रहा है. अब इस मुद्दे पर पोस्टर वॉर शुरू होने से अयोध्या का सियासी माहौल और गर्म हो गया है. फिलहाल, प्रशासन की कार्रवाई के बाद अधिकांश पोस्टर हटा दिए गए हैं, लेकिन राम मंदिर दानपात्र चोरी का मामला राजनीतिक बहस के केंद्र में बना हुआ है.

