मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू बुधवार को धार्मिक नगरी अयोध्या पहुंचे. जहां उन्होंने प्रभु श्री रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई. अयोध्या आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया.

इसे भी पढ़ें- सपा के अनपढ़ और लठैत…सीटों के बंटवारे को लेकर संजय निषाद ने दिया तीखा बयान, गठबंधन पर भी पिक्चर कर दी साफ

एयरपोर्ट पर औपचारिक अगवानी के तुरंत बाद उपराज्यपाल का काफिला सीधे राम जन्मभूमि परिसर के लिए रवाना हुआ. परिसर पहुँचकर उन्होंने रामलला के भव्य और दिव्य मंदिर में मत्था टेका. इस दौरान उन्होंने पूज्य संतों और आचार्यों की उपस्थिति में पूरे विधि-विधान के साथ रामलला का दर्शन-पूजन किया और देश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया.

​दर्शन-पूजन के पश्चात मीडिया से बात करते हुए उपराज्यपाल भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, “मैं यहां पूरी तरह एक श्रद्धालु के रूप में प्रभु रामलला के दरबार में मत्था टेकने आया हूं. इस पवित्र धाम में आकर श्री राम के दर्शन पाना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है.

इसे भी पढ़ें- चंद्रशेखर आजाद का बड़ा दावा- फार्म हाउस में मेरी हत्या की साजिश रची गई, मुस्लिमों को लेकर क्या कहा?

​इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में चल रहे कायाकल्प और बुनियादी ढांचे के निर्माण की दिल खोलकर तारीफ की. नगर के वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या बहुत ही सुंदर और अलौकिक नगरी के रूप में विकसित हो रही है. यहां का आध्यात्मिक वातावरण और आधुनिक विकास का संगम हर श्रद्धालु को मंत्रमुग्ध कर देने वाला है.