मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. दीपोत्सव से पहले रामनगरी अयोध्या में पर्यटकों के लिए बड़ी सौगात शुरू हुई है. सरयू नदी पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक क्रूज का संचालन आज से शुरू हो गया. मंडलायुक्त राजेश कुमार ने फीता काटकर क्रूज का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह से बैटरी से संचालित इलेक्ट्रिक बोट है. इसमें डीजल का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं होता है, जिससे यह पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है और सरयू की पवित्रता भी बनी रहेगी.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, 85% ग्वाला समाज आपको…यादव वोटरों में भेद करने का आरोप लगाते हुए राजभर ने साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?
उन्होंने बताया कि पिछले साल इसका प्रयोग के तौर पर संचालन किया गया था, जिसे काफी सराहा गया था. अब पर्यटन सीजन शुरू होते ही इसे दोबारा शुरू किया जा रहा है. करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस क्रूज को गुप्तार घाट से कच्चा घाट तक चलाने की योजना है. इसमें सवार होकर पर्यटक सरयू नदी की लहरों के साथ-साथ अयोध्या के सभी प्रमुख घाटों और रामनगरी के विहंगम दृश्य का आनंद ले सकेंगे. क्रूज संचालक के मुताबिक यह अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सरयू सैर का एक नया और यादगार अनुभव होगा.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव मुर्दा हैं या जिंदा? राजभर ने दी सड़क पर आने की चुनौती, नंद किशोर गुर्जर ने भी साधा निशाना
इस मौके पर मौजूद जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि 7 नवंबर को होने वाले 10वें दीपोत्सव के मुख्य आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए हर स्तर पर रिहर्सल चल रहा है. डीएम ने बताया कि दीपोत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागियों द्वारा सरयू आरती का रिहर्सल शुरू कर दिया गया है, वहीं आकर्षण का केंद्र रहने वाले ड्रोन शो का ट्रायल भी किया जाएगा. प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार का दीपोत्सव सबसे भव्य और व्यवस्थित हो.

