मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. जिले में आवारा पशुओं और नीलगायों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बाबा बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार को देर शाम नीलगाय की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया. इलाज के दौरान पिता ने दम तोड़ दिया, जबकि बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री जी रत्ती भर भी लाज-शर्म-हया हो तो… दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर अखिलेश का निशाना, जानिए CM योगी से ऐसा क्या कहा?
बता दें कि बाबाबाजार थाना क्षेत्र के मत्था नेवादा गांव निवासी बेचू रावत (45) अपने 18 वर्षीय पुत्र मोहित के साथ बुधवार को देर शाम बाइक से ससुराल जा रहे थे. जैसे ही वे पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर आई नीलगाय से उनकी बाइक जोरदार टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और लहूलुहान हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सीएचसी रुदौली पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. उपचार के दौरान बेचू रावत की मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, बस एक बात बता दीजिए… 24 लोकसभा चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर कसा तंज, पूछे तीखे सवाल
बेचू रावत की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घायल मोहित का दर्शननगर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है, चिकित्सकों की टीम उसकी निगरानी कर रही है. थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद के अनुसार,नीलगाय से टकराने से पिता-पुत्र घायल हुए थे. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई है, बेटे का इलाज जारी है. अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी.

