लखनऊ. मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर तंज कसते हुए सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जी, बस एक बात बता दीजिए. 2024 में लोकसभा चुनाव ईमानदारी से हुआ था या नहीं? 2017 के आप हारे, 2019 में आप हारे, 2022 में भी आप हारे लेकिन 2024 में जीत गए.
इसे भी पढ़ें- आजम खान नई मुसीबत में! जौहर यूनिवर्सिटी में 416 करोड़ के खर्च का हिसाब गायब, FIR दर्ज
आगे ओपी राजभर ने कहा कि महाराज, केंद्र में तो 2014 से लेकर अब तक बीजेपी की ही सरकार है. फिर से चार में से तीन चुनाव में चुनाव ग़लत और एक में सही हो गया? 2024 में आपकी पार्टी सपा के 37 सांसद जीत के दिल्ली कैसे पहुंच गए? इसमें पांच तो आपके अपने घर से थे. 2024 में सपा को हैसियत से ज्यादा सीटें मिल गईं, तब सब ‘आल इज़ वेल’ हो गया? या तो 24 के चुनाव में आपके वोटर फर्जी थे, या फिर आप आज सरेआम अफवाहबाजी कर रहे हैं. एसी, पीसी और ट्विटर ने आपको बहका दिया है.
इसे भी पढ़ें- यूपी पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट का डंडा, कांग्रेस बोली- सरकार को डर क्या था?
ओपी राजभर ने ये भी कहा कि अब नवाबी के दिन हवा हो गए. तय मान लीजिए कि 2027 में आपकी साइकिल का टायर पंचर नहीं, फटने जा रहा है. इस बार साइकिल का रिम-फ्रेम सब टेढ़ा होने वाला है. ये बात आप बहुत अच्छे से समझ चुके हैं. उसी के लिए अभी से फर्जी भूमिका बांधने में जुट गए हैं. पहले ही से बहाना खोज के रख रहे हैं ताकि बाद में लोडरों के सामने मुंह छिपा सकें. कुछ आंसू बचाके रखिए, सत्ताइस में सपा साफ है अखिलेश जी.

