मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अक्टूबर का महीना बेहद खास और सुविधाजनक साबित होने जा रहा है. अक्टूबर से इस हवाई अड्डे से सीधी उड़ानों की संख्या दोगुनी से भी अधिक होने वाली है, जिससे देश के प्रमुख महानगरों तक आवाजाही और आसान हो जाएगी. पिछले कुछ समय से बेंगलुरु और मुंबई के लिए बंद पड़ी सीधी हवाई सेवाएं फिर से शुरू की जा रही हैं. इसके साथ ही देश की राजधानी दिल्ली के लिए दो नई दैनिक उड़ानें जोड़ी जा रही हैं, जबकि हैदराबाद के लिए सप्ताह में तीन दिन चलने वाली सेवा को भी अब रोजाना संचालित करने की योजना है.

इसे भी पढ़ें- सत्ता से बेदखल कांग्रेस समेत बाकी…डिप्टी सीएम केशव मौर्य का करारा पलटवार, जानिए चुनाव आयोग को लेकर क्या कहा?

​एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, वर्तमान समय में अयोध्या एयरपोर्ट से प्रतिदिन केवल चार सीधी उड़ानों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन अक्टूबर महीने से यह आंकड़ा बढ़कर प्रतिदिन नौ उड़ानों का हो जाएगा. उड़ानों की इस बढ़ोतरी से एयरपोर्ट पर दैनिक यात्रियों की संख्या भी बढ़कर दो हजार से अधिक पहुंचने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.

​नए जारी शेड्यूल के अनुसार, 1 अक्टूबर से ही दिल्ली के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर की नई उड़ानें अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगी. इसके बाद 30 अक्टूबर से इंडिगो द्वारा बेंगलुरु के लिए और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट शुरू की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- अब देश को सवालों का जवाब चाहिए…चुनाव आयोग को लेकर चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान, मांग लिया इस्तीफा

​सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बेहद आधुनिक है. यहां 6 एयरोब्रिज, 3750 मीटर लंबा रनवे, 18 हैंगर और एक अत्याधुनिक एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) टावर मौजूद है. वहीं दूसरी ओर, एयरपोर्ट के दूसरे चरण में प्रस्तावित इंटरनेशनल ब्लॉक के निर्माण की प्रक्रिया अभी आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरियों के इंतजार में है. इस चरण के लिए अनुमानित लागत लगभग 1700 करोड़ रुपये तय की गई है, जिसके पूरा होने पर यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का मार्ग भी प्रशस्त हो सकेगा.