मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. जिला चिकित्सालय से सामने आए एक वीडियो ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था और संवेदनहीनता की पोल खोल कर रख दी है. वायरल हो रहे वीडियो में जो दृश्य कैद हुआ है, वह न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि मानवता को भी शर्मसार करता है. वीडियो में अस्पताल के लावारिस वार्ड में भर्ती एक असहाय और कमजोर मरीज को एक व्यक्ति जमीन पर बेरहमी से घसीटते हुए दिखा. मरीज की हालत ऐसी दिख रही है कि वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा है और उसे घसीटे जाने के कारण जमीन पर रगड़ लग रही है.

इसे भी पढ़ें- ‘भतीजे’ पर एक बार फिर भरोसा! पार्टी में वापस लेने पर आकाश आनंद ने ‘बुआ’ का जताया आभार, मायावती से किया बड़ा वादा

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह सब कुछ अस्पताल परिसर के अंदर हो रहा है, जहां मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधा मिलनी चाहिए. वीडियो में कहीं भी आसपास स्ट्रेचर या व्हीलचेयर नजर नहीं आ रही है. यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि मरीज को स्ट्रेचर या व्हीलचेयर उपलब्ध ही नहीं कराई गई थी या फिर वहां मौजूद कर्मचारियों ने जानबूझकर मरीज को इस तरह घसीटना उचित समझा.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, हो गया टांय-टांय फिस्स! राज्यसभा चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कसा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो ऐसा क्या कहा?

यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं और इसे गरीब और लावारिस मरीजों के साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार का उदाहरण बताने का आरोप लगा रहे हैं. फिलहाल इस पूरे मामले में जिला चिकित्सालय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है अभी तक इस वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है