अनूप मिश्रा, बहराइच. शहर के छोटी बाजार इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बैग में रखा गोला अचानक दग गया. इसकी चपेट में आने से 6 लोग झुलसकर घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें- कंकाल, कत्ल और कबूलनामा: 2 साल बाद DNA रिपोर्ट ने खोला कानपुर का सबसे बड़ा राज, DM कंपाउंड में गड़ी थी एकता

जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व को लेकर शहर के बाजारों में इन दिनों काफी चहल-पहल है. शनिवार शाम करीब छह बजे छोटी बाजार में डॉक्टर एसपी सिंह की क्लीनिक के सामने अचानक गोला दगने से जोरदार धमाका हुआ. इसकी चपेट में आने से कोतवाली नगर क्षेत्र के सखैयापुरा निवासी 20 वर्षीय निमेष श्रीवास्तव, 22 वर्षीय अमन गुप्ता, 35 वर्षीय अभिषेक श्रीवास्तव और खत्रीपुरा निवासी 33 वर्षीय अमित पांडेय समेत छह लोग घायल हो गए.

इसे भी पढ़ें- ‘एक दिन अब्दुल बनेगा यूपी का CM और देश का PM’, वारिस पठान का बड़ा दावा, BJP-SP पर साधा निशाना

घटना के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सक नितिन शुक्ल के मुताबिक, निमेष और नितिन की हालत गंभीर है. हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल बीके मिश्र और चौकी इंचार्ज धीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की. नगर कोतवाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोई व्यक्ति झोले में गोला लेकर जा रहा था, जो किसी कारणवश अचानक दग गया. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.