अनूप मिश्रा, बहराइच. जनपद के दरगाह थाना क्षेत्र में औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दवा व्यवसायी के गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है. छापेमारी के दौरान कुल 8,140 बोतल (67 पेटी) प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया. मामले में संबंधित दवा व्यवसायी के खिलाफ दरगाह थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले के आरोपी लवकुश मिश्रा के घर पर चलेगा बुलडोजर! पत्नी को थमाया गया नोटिस

बता दें कि औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण को सूचना मिली थी कि दरगाह थाना क्षेत्र स्थित शिवांश मेडिकल एजेंसी के गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप अवैध रूप से छिपाकर रखा गया है. सूचना के आधार पर बुधवार देर रात औषधि विभाग की टीम ने दरगाह थाना पुलिस और एसओजी टीम के साथ संयुक्त रूप से गोदाम पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान गोदाम की गहन तलाशी ली गई, जिसमें 67 पेटियों में रखी कुल 8,140 बोतल प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद हुई. पूरी कार्रवाई देर रात करीब एक बजे तक चली. बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है.

इसे भी पढ़ें- संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई! अखिलेश यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचारी होने का लगाया आरोप, चढ़ावा चोरी को लेकर दिया बड़ा बयान

औषधि निरीक्षक ने बताया कि बरामद प्रतिबंधित कफ सिरप के संबंध में दरगाह थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है. पुलिस और औषधि विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी.