लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा निशाना साधा है. उन्होंने कहा, भाजपा भ्रष्टाचारी है. थानों, तहसीलों, अस्पतालों में भारी भ्रष्टाचार है. भाजपा चालू और चालाक पार्टी है. आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ करती है. भाजपा नकारात्मक पार्टी है. सब बुराइयों की जड़ भाजपा है. 2024 लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को ठुकरा दिया. जनता ने भाजपा को हरा दिया तो संविधान बदलने के लिए सांसदों को खरीद रही है. समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है. समाजवादी पार्टी भाजपा को संविधान नहीं बदलने देगी.
इसे भी पढ़ें- सत्ता के लिए संविधान और राम ही सहारा! जन्मदिन पर अखिलेश ने भाजपा पर बोला तीखा हमला, जानिए सपा सुप्रीमो ने ऐसा क्या कहा?
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम सबके है. भगवान श्रीराम भाजपा से पहले से है. सब लोग पहले से मानते हैं. घरों में भगवान राम की पूजा होती रही है. भाजपा ने रामधन चोरी किया है. भाजपा ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है. जनता ने भाजपा को हरा कर संविधान बचा लिया था. अब भाजपा सांसदों को तोड़कर, खरीद कर संविधान बदलना चाहती है. उन्होंने कहा कि मर्यादा का एक नाम भगवान श्रीराम का है और दूसरा नाम बाबा साहब का संविधान है. भाजपा ने दोनों को दगा दे दिया है. भाजपा ने लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा किया है. भाजपा भ्रष्टाचार करके सरकार बनाती हैं और फिर सरकार बनाकर भ्रष्टाचार करती है. उसके लिए धन ही धर्म है. राम मन्दिर चढ़ावा चोरी के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं. चढ़ावा चोरी का सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी बंद कर दिये गये थे.
इसे भी पढ़ें- सांसद संभालें या सत्ताईस? डगमगा रही अखिलेश की ‘साइकिल’, कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद सांसदों की टूट की अटकलें तेज
यादव ने कहा कि चढ़ावा चोरी में दूध का दूध और पानी का पानी भले न हो, लेकिन राम मंदिर में चढ़ाया गया सोने का सोना, चांदी का चांदी और हीरे जवाहरात, चांदी और सोने की खड़ाऊ वापस हो जाए. अखिलेश यादव ने कहा कि जब इटावा में केदारेश्वर भगवान का मन्दिर बनाना शुरू किया तो हमें नहीं पता था कि यह श्रीशक्ति अक्ष रेखा पर आ जायेगा, लेकिन जब मन्दिर बनाने वाले एस्ट्रोलोजी और एस्ट्रोनामी के लोगों ने देखा तो उसी पर आया. यह काम हम नहीं कर रहे हैं. हम केवल माध्यम है. इसी तरह से भगवान श्रीराम मन्दिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जानकारी मिली. हिम्मत जुटाकर, प्रभु श्रीराम का असली भक्त बनकर हमें ट्यूट करना पड़ गया. सोचिए अगर हम लोग गलत होते तो भाजपा हमारे खिलाफ कितना कुछ प्रचार करती, लेकिन आज राम मन्दिर के चढ़ावा में चोरी पकड़ी गई. आज तमाम चैनलों को भी अपनी साख बचाने के लिए बहस करनी पड़ रही है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश बाबू, हमसे ही सीख लीजिए… सपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर बधाई देते हुए ओपी राजभर ने दे डाली सलाह, जानिए ऐसा क्या कहा?
अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि भाजपा सरकार में कोई एक जगह भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है. पूरे प्रदेश में हर विभाग में हर जगह भ्रष्टाचार हो रहा है. समाजवादी पार्टी ने अयोध्यावासियों की समस्याओं, जमीनों में हो रहे हेरफेर और भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी को पहले ही उठाया था, लेकिन भाजपा सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की. हमने मुद्दा मुद्दा बनाने के लिए समस्याओं को कभी नहीं उठाया. समाजवादी पार्टी चाहती थी, समस्याओं का समाधान हो. अयोध्यावासियों की मदद हो. उनके साथ अन्याय अत्याचार न हो, लेकिन भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया. आज जो कुछ खुलासा हो रहा है सब प्रभु श्री राम की कृपा से हो रहा है. भाजपा ने अयोध्या और अयोध्यावासियों से धोखा किया है. समाजवादी पार्टी सरकार में आने पर अयोध्या की संस्कृति हेरिटेज और उसकी असली पहचान को बचाते हुए आधुनिक और सर्वसुविधाओं से युक्त सुन्दर बनाने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा को किसी समाज की संस्कृति और हेरिटेज से लेना देना नहीं है. भाजपा हर काम राजनीतिक लाभ के लिए करती है.

