बहराइच. भाजपा सरकार में मंत्री दिनेश सिंह ने राहुल गांधी और उनके परिवार के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवपुर ब्लॉक अंतर्गत रामपुर धोबिया में जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस जनों ने दिनेश सिंह का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया और उन्हें तत्काल बर्खास्त करने तथा मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी याद रखें यह जनता…1 साल में मोदी सरकार के गिरने के दावे पर पंकज चौधरी का तंज, नेता विपक्ष को लेकर दिया बड़ा बयान
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर दर्ज मुकदमे को फर्जी और मनगढ़ंत बताते हुए प्रदेश सरकार की आलोचना की. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग की. कांग्रेस नेता विनय सिंह ने कहा कि मंत्री दिनेश सिंह लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी से करारी हार के बाद हताशा में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने भाजपा सरकार पर राजनीतिक द्वेष की भावना से विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें- BJP ने UP का बंटाधार कर दिया…अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए पूछे तीखे सवाल
जिला महासचिव एवं मीडिया प्रभारी राशिद अली ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज करा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार जनता के मुद्दों को उठा रहा है, जिससे सरकार घबराई हुई है. वहीं कांग्रेस नेत्री मालती पासवान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन और शीर्ष नेतृत्व के समर्थन में एकजुट होकर संघर्ष करना होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सच को दबाने के लिए निम्न स्तर की राजनीति कर रही है.

