अनूप मिश्रा, बहराइच. पयागपुर-बहराइच मार्ग पर भगवती धर्मकांटा के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने से एक बाइक सवार युवक को डंपर ने कुचल दिया. हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनका दो साल का बच्चा घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकें पयागपुर-बहराइच मार्ग पर भगवती धर्मकांटा के पास पहुंचीं, तभी उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर के बाद एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में बाइक सवार युवक आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान खुशीराम (25) पुत्र मोतीलाल के रूप में हुई है.

इसे भी पढ़ें- जो स्कूल BJP सरकार ने बंद किए हैं… अखिलेश यादव का बड़ा बयान, PDA का जिक्र कर शिक्षा को लेकर कह दी बड़ी बात

हादसे में दूसरी बाइक पर सवार विकास शुक्ला (35), उनकी पत्नी किरण और उनका दो वर्षीय बेटा घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है. हादसे में बच्चे को भी चोटें आई हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाने के साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जमा रही, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ.

इसे भी पढ़ें- GDA की नाक के नीचे अवैध निर्माण का खेल! सो रहे जिम्मेदार, इधर बिल्डर ने तान दी चार मंजिला इमारत, संरक्षण का परिणाम या कुछ और?

स्थानीय लोगों का कहना है कि पयागपुर-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है.