बांदा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा के कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा के साथ 710 करोड़ रुपए के कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया. इस दौरान सीएम योगी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, अगर भू-माफिया और डकैत चुनाव जीतेंगे तो व्यापारियों को लूटेंगे, गरीबों को उजाड़ेंगे और सरकारी योजनाओं में भी डकैती डालेंगे. 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में यही स्थिति थी. सपा और कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार की जगह हाथ में तमंचे थमाए थे. वहीं भाजपा डिफेंस कॉरिडोर विकसित कर ब्रम्होस जैसी मिसाइल बना रही है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई जैसी महान विभूतियों का सम्मान राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है. उन्होंने बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की सराहना करते हुए कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रनायकों एवं वीर-वीरांगनाओं की प्रतिमाएं स्थापित कर नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- निजीकरण को कुली मोर्चा का ‘NO’ : कुलियों की आजीविका पर संकट, संसद पहुंचेंगे देशभर के कुली, रखेंगे अपनी मांग
सीएम योगी ने कहा कि लगभग तीन वर्ष पहले भी उन्हें बांदा में दो महत्वपूर्ण प्रतिमाओं के अनावरण का अवसर मिला था और अब वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा के साथ यह गौरवशाली परंपरा आगे बढ़ी है. उन्होंने कहा कि शहर का सुनियोजित विकास, बेहतर सड़कें और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण बांदा को नई पहचान दे रहा है.
मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का उल्लेख करते हुए कहा कि बैरकपुर में मंगल पांडे, मेरठ में धन सिंह गुर्जर, कानपुर के बिठूर में तात्या टोपे और झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया. इसी गौरवशाली परंपरा में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने भी राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया.
इसे भी पढ़ें- ऐसे कैसे ‘पंजा’ होगा मजबूत! अशोक सिंह ने ‘हाथ’ का छोड़ा साथ, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा इस्तीफा
उन्होंने कहा, “जब अच्छे नेता चुने जाते हैं, तब महापुरुषों को सम्मान मिलता है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों और वीरांगनाओं के बलिदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. ऐसे महापुरुषों का सम्मान समाज में राष्ट्रभक्ति, त्याग और सेवा की भावना को मजबूत करता है तथा नई पीढ़ी को देश के लिए समर्पित होने की प्रेरणा देता है.

