बाराबंकी. रविवार शाम निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में बड़ा हादसा हो गया. बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाने गए तीन किशोर डूब गए. इनमें दो की मौत हो गई, जबकि तीसरे किशोर का अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव की सपा की पहचान…केशव मौर्य ने बोला तीखा हमला, सत्ता लूटने की बात कहते हुए लगाए गंभीर आरोप

बता दें कि घटना कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना टीकाहार गांव की है. जहां फैक्ट्री की दीवार बनाने का काम चल रहा है. परिसर में मिट्टी की पिटाई के लिए करीब 100 मीटर व्यास का गड्ढा खोदा गया था. लगातार बारिश के कारण यह गड्ढा पानी से भर गया था. रविवार शाम गांव के रामशंकर का 15 वर्षीय बेटा सुमित, गुड्डू का 15 वर्षीय बेटा दुर्गेश और धर्मराज का 12 वर्षीय बेटा दिव्यांश वहां पहुंच गए.

इसे भी पढ़ें- मौत के पहले वो आखिरी कॉल… दरोगा से पत्नी ने की फोन पर की बातचीत, फिर ऐसा क्या हुआ कि फंदे से झूलकर खत्म कर ली जिंदगी

वहीं तीनों गड्ढे में भरे पानी में नहाने लगे. आसपास कुछ अन्य बच्चे भी मौजूद थे. इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. बच्चों ने शोर मचाया तो फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया. मजदूरों ने सुमित और दुर्गेश को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. वहीं दिव्यांश का कोई सुराग नहीं मिल सका. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लापता किशोर की तलाश शुरू कर दी.