मोहम्मद आलम, महराजगंज। जनपद के थाना भिटौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरा राजा के 21 श्रद्धालु बस से नेपाल के स्वर्गद्वारी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए, जबकि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 30 वर्षीय निर्मला मौर्या और एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची शामिल हैं।

महराजगंज के दो श्रद्धालुओं की मौत

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थानीय एम्बेसी से संपर्क कर तुरंत एम्बुलेंस और डॉक्टरों की व्यवस्था कराई गई। साथ ही एसडीएम और सीओ स्तर के अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। भारतीय कॉन्सुलेट के माध्यम से नेपाली प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर घायलों को त्वरित राहत पहुंचाई जा रही है।

READ MORE: आईजीपी में रश्मिरथी पर्व, CM योगी करेंगे शुभारंभ, शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य वक्ता

घायलों का चल रहा इलाज

सभी घायलों को लुंबिनी सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन द्वारा पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई भी की जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।