अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात लगभग 1:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर वाराणसी जा रही एक मैजिक वाहन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें- वोट यदुवंशियों का लेना है, लेकिन कुर्सी… अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का निशाना, गंभीर आरोप लगाते हुए बताया PDA का मतलब
बता दें कि सभी यात्री बिहार के भभुआ जनपद के भगवानपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे. इसी दौरान अलीनगर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के समीप तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रक से जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरे और हादसे के बाद मची चीख-पुकार के बीच घायलों को वाहन से निकालना चुनौतीपूर्ण रहा. घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
इसे भी पढ़ें- पेट्रोल के बढ़ते दाम पर सियासत, अखिलेश ने BJP पर साधा निशाना, कहा- जितने दाम बढ़ेंगे उतना ही भाजपा का कमीशन बढ़ेगा
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार, हादसे में कुल 17 लोग घायल हुए हैं. इनमें 2 लोग सामान्य स्थिति में हैं, जबकि 15 लोगों को चोटें आई हैं. घायलों में से 4 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है. आशंका है कि चालक को झपकी आ गई थी. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है.

