अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र में साइड लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. एक ऑटो चालक ने दोस्तों के साथ मिलकर हाइवा चालक की जमकर पिटाई की. पथराव भी किया गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया. पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- PDA मतलब ‘पीड़ा, दमन और अपमान’! सपा नेत्री की पिटाई को लेकर अखिलेश यादव पर पंकज चौधरी का तंज, जानिए ऐसा क्या कहा?

बताया जा रहा है कि नवही पुलिया के पास हाइवा चालक और ऑटो चालक के बीच साइड लेने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला लगातार बढ़ता चला गया. आरोप है कि विवाद के बाद ऑटो चालक के कुछ साथियों ने विशुनपुरा पेट्रोल पंप के पास हाइवा चालक को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की. इस दौरान पथराव किए जाने की भी बात सामने आई है. पीड़ित हाइवा चालक ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उससे करीब 49 हजार रुपये भी छीन लिए गए. चालक के कपड़े फट गए और शरीर पर चोट के निशान हैं.

इसे भी पढ़ें- आप और आपका ‘लाल टोपी गैंग’ बस…सपा नेत्रियों की पिटाई पर अखिलेश यादव पर भड़के OP राजभर, आइना दिखाते हुए बोला तीखा हमला

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. किसी तरह जान बचाकर हाइवा चालक थाने पहुंचा और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. पीड़ित ने तहरीर देकर ऑटो चालक और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है. शहाबगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम घटना स्थल की पड़ताल करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके. फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर आए दिन होने वाले ऐसे विवादों पर रोक लगाने की मांग की है.