अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. कंदवा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव से जुड़े एक युवक का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है. वायरल वीडियो में युवक पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और बिहार सरकार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा है. वहीं जब वीडियो तेजी से कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ तो पुलिस एक्टिव मोड पर आ गई है. पुलिस युवक की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें- किसने चुराया चंदा पता कीजिए… संसद परिसर में सिर पर दानपात्र लिए खड़े रहे अयोध्या सांसद, नजर चुराकर जाते दिखे भाजपाई
बता दें कि पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान नियाजुद्दीन के रूप में की है. वीडियो वायरल होने के बाद कंदवा थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस वीडियो की सत्यता, उसके मूल स्रोत और उसमें कही गई बातों की विस्तृत जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है. यदि जांच में वायरल वीडियो में की गई टिप्पणी और उससे संबंधित आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं यदि वीडियो के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ या भ्रामक जानकारी सामने आती है तो उस पहलू की भी जांच की जाएगी.
इस घटना के बाद क्षेत्र में वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
इसे भी पढ़ें- बारिश में जरा बच के! गोइठा निकालते समय महिला को जहरीले सांप ने डसा, इलाज जारी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो या पोस्ट को बिना सत्यापन के साझा न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें. साथ ही सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई है.


