अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जनपद के इलिया कस्बे में स्थित विशाल अलंकार ज्वेलर्स से करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य का कच्चा सोना गायब होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि एक शातिर उचक्का खरीदारी का बहाना बनाकर दुकान में पहुंचा और मौका पाकर करीब 100 ग्राम कच्चा सोना लेकर फरार हो गया.
इसे भी पढ़ें- सुर्खियों के भूखे लोग सावधान! गांधी परिवार पर टिप्पणी से गरमाई राजनीति, कांग्रेस नेताओं ने दी कड़ी चेतावनी
दुकान संचालक आलोक कुमार वर्मा के अनुसार, घटना 29 जुलाई की है, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी 31 जुलाई को स्टॉक का मिलान करने के दौरान हुई. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही इलिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
इसे भी पढ़ें- किसने चुराया चंदा पता कीजिए… संसद परिसर में सिर पर दानपात्र लिए खड़े रहे अयोध्या सांसद, नजर चुराकर जाते दिखे भाजपाई
घटना के बाद आसपास के व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. पुलिस ने फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है. जांच पूरी होने और साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना ने क्षेत्र के सर्राफा कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.


