अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल के चंदौली दौरे के दौरान दिए गए कथित बयान को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस मामले में उत्तरप्रदेश की राज्यपाल को पत्र भेजकर वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें- लालच, आकर्षण और धर्मांतरण का खेलः कमरे के अंदर 50-60 लोगों का कराया जा रहा था धर्म परिवर्तन, खाकी खोलेगी साजिश की पोल
राज्यपाल को भेजे गए पत्र में अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल कथित रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संबंध में आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में एक वर्ग विशेष की धार्मिक पहचान और पहनावे को लेकर भी कथित रूप से अनुचित टिप्पणी की गई है. पत्र में कहा गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी राजनीतिक दल, नेता या उसकी नीतियों की आलोचना करना सामान्य बात है, लेकिन मंत्री पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा अमर्यादित भाषा का प्रयोग और किसी वर्ग विशेष की धार्मिक पहचान को लेकर टिप्पणी करना गंभीर संवैधानिक एवं विधिक प्रश्न खड़े करता है.
इसे भी पढ़ें- केवल इस्तीफे की लीपा-पोती से… राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर अखिलेश यादव का तीखा हमला, जांच पर सवाल उठाते हुए कह दी बड़ी बात
अमिताभ ठाकुर ने राज्यपाल से मांग की है कि वायरल वीडियो की सत्यता, उसका पूर्ण एवं असंपादित स्वरूप, बयान का वास्तविक संदर्भ तथा उससे जुड़े संवैधानिक और कानूनी पहलुओं की सक्षम स्तर से निष्पक्ष जांच कराई जाए. उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जांच के बाद विधि के समक्ष समानता, सार्वजनिक पद की गरिमा और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. अपने बयान में अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर राज्यपाल को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी है.

