अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र के इटवा गांव में कथित धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी. घटना के बाद गांव में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा.
इसे भी पढ़ें- केवल इस्तीफे की लीपा-पोती से… राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर अखिलेश यादव का तीखा हमला, जांच पर सवाल उठाते हुए कह दी बड़ी बात
बता दें कि गांव के एक मकान में करीब 50 से 60 लोगों की मौजूदगी में एक धार्मिक सभा चल रही थी. आरोप है कि सभा के दौरान ईसाई मिशनरी से जुड़े कुछ लोग उपस्थित लोगों को अपने धर्म की ओर आकर्षित करने और धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभा को रुकवाया और पूछताछ के लिए आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने मौके से कुछ धार्मिक साहित्य और अन्य सामग्री भी अपने कब्जे में ली है, जिसकी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. इस संबंध में सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि इटवा गांव में धर्म परिवर्तन कराने की सूचना प्राप्त हुई थी.
इसे भी पढ़ें- ऐसे कैसे ‘पंजा’ होगा मजबूत! अशोक सिंह ने ‘हाथ’ का छोड़ा साथ, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा इस्तीफा
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. मामले की गहन जांच की जा रही है. यदि जांच में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या कानून का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

