अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. नियामताबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. ट्रेलर वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- सालों बाद ‘मुर्दा’ हुआ जिंदाः 4 साल बाद सरकारी फाइलों में मिली नई जिंदगी, जानिए कैसे ‘निकम्मे’ सिस्टम ने जीते-जगाते इंसान को मारा
बता दें कि नियामताबाद थाना क्षेत्र के नरैना गांव निवासी रविनंदन पुत्र श्याम बिहारी अपने दो साथियों प्रदीप पुत्र अरविंद उर्फ छागुर तथा कवि पुत्र बबलू के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर रिश्तेदार के घर से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान अहरौरा रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन (UP65LT5532) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रविनंदन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कवि को भी गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं राहगीर घटनास्थल पर जुट गए.
इसे भी पढ़ें- पति, पत्नी और खूनी खेलः हसबेंड ने गला रेतकर बीवी को उतारा मौत के घाट, जानिए जीवनसाथी क्यों बना ‘जल्लाद’
स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रेलर वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

