अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जिले में ओवरलोड वाहनों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने गुरुवार यानी आज बड़ा अभियान चलाया. जिलाधिकारी के निर्देश और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में खनन, परिवहन, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टास्क फोर्स ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, कुछ तो शर्म कीजिए…आपकी पार्टी की महिला विधायक को पीट रहे सपाई गुंडे, ओपी राजभर ने साधा निशाना
बता दें कि अभियान के दौरान एक ऐसी जेसीबी मशीन को जब्त किया गया, जिस पर पिछले 4 वर्षों से बकाया चल रहा था. जांच में पाया गया कि उक्त जेसीबी की फिटनेस, इंश्योरेंस और पीयूसी भी समाप्त हो चुकी थी. एआरटीओ ने तत्काल वाहन को सीज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. इसके अलावा टीम ने मोरंग और गिट्टी लदे 14 ओवरलोड ट्रक और पिकअप वाहनों को भी जब्त किया. जांच में अधिकांश वाहन लगभग 20 टन तक ओवरलोड पाए गए. कई ट्रकों के नंबर प्लेट जानबूझकर छुपाए गए थे, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके. ऐसे वाहनों पर अलग से जुर्माना लगाया गया है.
इसे भी पढ़ें- खबर चलने से इतना बुरा लग गया SHO साहब? महिला पत्रकार हाउस अरेस्ट, जर्नलिस्ट ने लगाया झूठा मुकदमा करने का आरोप
एआरटीओ डॉ सर्वेश गौतम ने बताया कि इस कार्रवाई में करीब पांच लाख रुपये जुर्माना और टैक्स वसूले जाने की संभावना है. साथ ही सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने और संबंधित ट्रकों के परमिट रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है. अभियान के दौरान जब्त किए गए वाहनों को इंडस्ट्रियल एरिया चौकी और मंडी कोतवाली नगर चौकी में खड़ा कराया गया है. एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, राजस्व चोरी और ओवरलोडिंग के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. इस कार्रवाई से ओवरलोड वाहन चालकों और परिवहन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.

