लखनऊ. सूबे में विधानसभा चुनाव होने में अब साल भर से भी कम समय बचा है. ऐसे में तमाम दल के प्रमुख अपनी पार्टी को मजबूत बनाने में जुट गए हैं. यही वजह है कि आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. चुनावी माहौल के बीच सुभसपा के प्रमुख ओपी राजभर इन दिनों लगातार अखिलेश यादव पर हमलावर हैं. साथ ही अखिलेश यादव के पीडीए फार्मूले को ध्वस्त करने की कोशिश में जुटे हैं. जिसे लेकर एक बार फिर ओपी राजभर का बयान सामने आया है.
इसे भी पढ़ें- सत्ताईस के संग्राम से पहले अपनी ‘सेना’ तैयार कर रही BJP, कभी भी हो सकता है नई प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान
ओपी राजभर ने कहा, अखिलेश यादव जी, अब तो साफ हो गया कि समाजवादी पार्टी में गैर यादव पिछड़ों और दलितों की औकात सिर्फ झंडा-झोला ढोने, दरी बिछाने और वोट देने तक ही है. सम्मान, सुरक्षा और सत्ता में ‘पहिला दावा अहिर’… बाकी जाएं भाड़ में ! कुछ तो शर्म कीजिए, आपकी ही पार्टी की प्रजापति समाज से आने वाली महिला विधायक को सपाई गुंडे मार रहे हैं, खुलेआम गाली दे रहे हैं, जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. महिला विधायक का बेटा खुद कैमरे पर नाम लेकर कह रहा है कि जय यादव, बलराम यादव, शेर बहादुर यादव उनकी मां को मार-पीट रहे, धमका रहे.
आगे ओपी राजभर ने कहा, मगर अखिलेश यादव बाबू आप एकदम्मे चुप्पी साधे हुए हैं. धृतराष्ट्र की तरह आंख मूंदे हुए हैं. महाभारत में धृतराष्ट्र पुत्र मोह में अंधे थे, आज आप ‘यादव’ मोह में अंधे हो गए हैं. ट्विटर, ऐसी और पीसी वाले नेता अखिलेश जी सभी बहुजन जातियां आपको जानती हैं, सभी आपके विषय में यही बात कहती हैं कि “भले ही गुंडों की कोई जाति नहीं होती लेकिन हर गुंडा सपाई जरूर होता है”.
इसे भी पढ़ें- विपक्ष को जनता और चुनाव आयोग से…सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद SIR को लेकर इंडी गठबंधन पर बरसे पंकज चौधरी, दिया बड़ा बयान
उन्होंने ये भी कहा कि जो लोग अब भी कन्फ्यूजन में हो वो समझ लें कि इनके पीडीए का असली चेहरा यही है. अखिलेश के लिए पीडीए सिर्फ चुनावी पोस्टर का नारा है. असलियत में गैर यादव पिछड़ों और दलितों के हिस्से अपमान ही आता है, और अखिलेश का संरक्षण सिर्फ जाति देखकर ही मिलता है. अरे अखिलेश बाबू, जब आपकी अपनी पार्टी की महिला विधायक आपके गुंडों से सुरक्षित नहीं है, तब प्रदेश की गरीब और पिछड़े समाज की बेटियों का क्या हाल करते रहे होंगे आपके सपाई गुंडे…2012-2017 कोई भूला नहीं है!

