अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जिले में बीती रात रफ्तार का कहर देखने को मिला है. हाइवे किनारे खड़े एक डंपर में तेज रफ्तार ट्रक पीछे से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए भर्ती कराया.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव जी! आपके सपाई गुंडों ने… ओपी राजभर ने सपा के कार्यकाल को बताया ‘आतंकराज’, सपा सुप्रीमो पर बोला तीखा हमला
बता दें कि घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय के पास मंगलवार सुबह तड़के 4 बजे घटी. जहां हाइवे किनारे खड़े एक डंपर में तेज रफ्तार ट्रक पीछे से जा भिड़ा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. घटना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए.
इसे भी पढ़ें- जीरो टॉलरेंस का ‘जीरो’ असरः स्टोन पिचिंग और स्पर निर्माण में करोड़ों का खेला, सुशासन’राज’ में कब थमेगा कुशासन?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की सूचना दिए जाने के बावजूद NHAI की क्रेन लगभग डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची. इतना ही नहीं,रेस्क्यू टीम के पास आवश्यक बचाव उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी देरी हुई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर क्रेन और आधुनिक रेस्क्यू उपकरण उपलब्ध होते तो चालक को और तेजी से सुरक्षित बाहर निकाला जा सकता था. लोगों ने NHAI की आपातकालीन व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर त्वरित राहत व्यवस्था होना बेहद जरूरी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है.

