अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के साथ हुई मारपीट की घटना अब राजनीतिक रंग ले चुकी है. मामले को लेकर जिले में पक्ष और विपक्ष के नेताओं का लगातार अस्पताल पहुंचकर हालचाल जानने का सिलसिला जारी है. एक ओर समाजवादी पार्टी इस घटना को महिला सुरक्षा से जोड़कर प्रदेश सरकार पर हमला बोल रही है, वहीं भाजपा नेता और सरकार के प्रतिनिधि दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिला रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- जिंदा जली जिंदगीः ट्रैक्टर से जा रहा था युवक, तभी हुआ कुछ ऐसा कि जलकर गई जान, मौत का मंजर देख चीख पड़े लोग

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा अस्पताल पहुंचे और गार्गी पटेल का हालचाल जाना. इस दौरान गार्गी पटेल ने मंत्री से शिकायत करते हुए कहा कि घटना में शामिल आरोपियों को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई है और उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है. राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आरोपियों के साथ किसी कार्यक्रम में फोटो आ जाने मात्र से कोई व्यक्ति भाजपा का सदस्य नहीं हो जाता. उन्होंने कहा कि कम्बल वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं और उनके साथ फोटो खिंचवा लेते हैं. इससे किसी की पार्टी सदस्यता साबित नहीं होती. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरोपियों का भाजपा में कहीं कोई पंजीकरण नहीं है.

मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. दोषी चाहे किसी भी दल या वर्ग का हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान राज्य मंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने एक महिला दरोगा को न्याय नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था. हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष बौखला गया है और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है.

इसे भी पढ़ें- UP WEATHER TODAY: 56 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, जानिए कहां-कैसा रहेगा मौसम

वहीं हाल ही में हमीरपुर में पुल गिरने की घटना पर अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए कमीशनखोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि “कमीशन लेने और देने की आदत उन्हें है, इसलिए उन्हें हर जगह कमीशन ही दिखाई देता है.” उन्होंने पुल गिरने की घटना को प्राकृतिक कारणों से जुड़ी घटना बताते हुए कहा कि इसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है.
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी की ओर से कैंट विधानसभा की संभावित प्रत्याशी पूजा यादव भी अस्पताल पहुंचीं और गार्गी पटेल से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह से सवालों के घेरे में है. एक महिला जनप्रतिनिधि के साथ घर में घुसकर मारपीट की घटना बेहद निंदनीय है.

पूजा यादव ने कहा कि सपा नेत्री पर हुआ हमला केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि महिलाओं की आवाज को दबाने का प्रयास है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं. उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए.
गार्गी पटेल मारपीट प्रकरण को लेकर जिले की राजनीति गर्म हो गई है. अस्पताल में नेताओं के पहुंचने और बयानबाजी के बीच यह मामला अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक बहस का भी बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कार्रवाई की जा रही है.