गोरखपुर/कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पूर्वांचल के गोरखपुर और कुशीनगर जिले को 1,283 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की 464 तथा गोरखपुर में 758 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दोनों जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।

कुशीनगर के टेकुआटार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई से जुड़ी 464 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम स्थल दुल्हिन जगरनाथ कुंवरी इंटर कॉलेज परिसर में विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।

विकास से जुड़ी 19 परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के भटहट-बांसस्थान पहुंचेंगे, जहां 758 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें करीब 697 करोड़ रुपये की लागत से बनी 11.6 किलोमीटर लंबी भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क सहित पांच सड़कों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा सड़क निर्माण और पर्यटन विकास से जुड़ी 19 परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

READ MORE: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में शाहजहांपुर ने मारी बाजी, रामपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर

भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे विश्वविद्यालय में इलाज और शिक्षा के लिए आने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।

READ MORE: देवरिया हत्याकांड पर अखिलेश का BJP सरकार पर हमला, बोले- पीड़ितों को नहीं मिल रहा न्याय

महिला छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण भी करेंगे। यहां पुरुष और महिला छात्रावास का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। पुरुष छात्रावास का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ और महिला छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री 12 जुलाई को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे और प्रदेशव्यापी 35 करोड़ पौधरोपण महाभियान में लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील करेंगे।