अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 13 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक ऑटो, तीन मोबाइल फोन और नगद राशि भी बरामद की गई है. आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें- जाम के लिए जानलेवा वारः शराब को लेकर 2 दोस्तों में विवाद, फिर एक ने दूसरे की छीन ली सांसें, जानिए यार कैसे बना जानी दुश्मन

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश और थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम न्यू सेंट्रल कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान जीटीआर ब्रिज की ओर से आ रहे एक ऑटो को रोका गया. वाहन सवारों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया.
ऑटो की तलाशी के दौरान उसमें रखे एक बैग से 60 पुड़ियों में पैक 13 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाईपास गोधना निवासी मो. सलीम, बाईपास गोधना निवासी आजीम अंसारी और कसाब महाल, मुगलसराय निवासी शहनाज बेगम के रूप में हुई है.

इसे भी पढ़ें- विकास के नाम पर आस्था से खिलवाड़, 92 साल पुराने बजरंगबली मंदिर पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने पुनर्निर्माण का दिया आश्वासन

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे. गिरफ्तारी के समय भी वे हेरोइन की बिक्री के लिए जा रहे थे. गिरफ्तार महिला शहनाज बेगम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं. बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.