अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है. इस घटना में गार्गी पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. महिला नेत्री के परिजनों ने सपा नेता पर ही पीटने का आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें- कहां हैं वो ‘खुफियाजीवी’ लोग? CBSE मामले को लेकर अखिलेश का निशाना, कहा- जांच से कुछ हासिल नहीं होगा, सिस्टम तो वही है
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता प्यारे लाल के परिजनों ने जबरन उनके घर में प्रवेश किया. उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि इस दौरान घर के अंदर काफी देर तक हंगामा होता रहा और बीच-बचाव करने आए स्थानीय लोगों को भी धमकियां दी गईं.
घायल गार्गी पटेल ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अपील की.
इसे भी पढ़ें- नियम न मानने वालों सुधर जाओ..! चेकिंग अभियान चलाकर कई ओवरलोड वाहनों को पुलिस ने किया जब्त, कइयों पर ठोंका जुर्माना
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। जलीलपुर चौकी इंचार्ज अजय यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा गया. उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

