अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. अलीनगर स्थित आवंतिका हॉस्पिटल में हर्निया के ऑपरेशन के बाद बिहार निवासी करीब 50-55 वर्षीय सरस्वती देवी की गुरुवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई. महिला की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों में कोहराम मच गया परिजनों ने डॉक्टर राहुल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, चिकित्सकीय लापरवाही की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

इसे भी पढ़ें- मित्र अखिलेश यादव जी! जरा अपने चच्चू को संभालिए, नहीं तो… ओपी राजभर ने कसा करारा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो से ऐसा क्या कहा?

जानकारी के अनुसार, भभुआ निवासी सरस्वती देवी को हर्निया के उपचार के लिए मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को उनका ऑपरेशन हुआ. ऑपरेशन के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया.

परिजन अशोक प्रधान ने बताया कि महिला का इलाज आयुष्मान कार्ड के माध्यम से कराया जा रहा था. ऑपरेशन के बाद कुछ जांच कराने के लिए करीब 13 हजार रुपये की मांग की गई थी. वहीं अस्पताल प्रबंधन ने महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है. ऐसे में मौत की वास्तविक वजह और इलाज के दौरान किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

इसे भी पढ़ें- ‘पढ़ाई नहीं होती, टीचर फोन चलाती हैं…’ 12 साल का छात्र पहुंचा पुलिस चौकी, पूछा- हमारे भविष्य का क्या होगा?

घटना की सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और परिजनों से जानकारी ली. अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मौत के वास्तविक कारण का पता चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.