अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गांव में गुरुवार को सुबह नहर में डूबे युवक का शव काफी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

इसे भी पढ़ें- विदेशियों के चक्कर में मत पड़िए मित्र… ओपी राजभर की अखिलेश यादव को नसीहत, जानिए आखिर ऐसा क्यों कहा?

जानकारी के अनुसार नई बस्ती निवासी 36 वर्षीय मनोज कुमार गुरुवार की सुबह करीब 7:30 बजे महेवा गांव स्थित नहर के किनारे पहुंचा था. बताया जा रहा है कि वह नहर के किनारे बनी सीढ़ियों पर स्नान कर रहा था. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह नहर में डूब गया. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा पुलिस को सूचना दी गई.

इसे भी पढ़ें- परिवार के सामने बाप के शरीर में दाग दीं 6 गोलियां, 150 करोड़ की संपत्ति के लिए हैवान बना बेटा

सूचना पर अलीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा बचाव दल की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई. कई घंटों तक चले सघन खोज अभियान के बाद काफी मशक्कत के उपरांत नहर में बहता हुआ युवक का शव बरामद किया गया. शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.