गाजियाबाद. गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित बुदाना गांव में बुधवार देर रात एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. जिस पिता ने बेटे को जमीन और कारोबार में हिस्सा दिया, उसी बेटे ने बाप की शरीर को छलनी कर दिया. शुरुआती जांच के मुताबिक संपत्ति के विवाद में बेटे ने अपने पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.

विदेशियों के चक्कर में मत पड़िए मित्र… ओपी राजभर की अखिलेश यादव को नसीहत, जानिए आखिर ऐसा क्यों कहा?

संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार मृतक हरिओम चौधरी इलाके के संपन्न किसानों में गिने जाते थे. उनके पास करीब 75 बीघा कृषि भूमि और दिल्ली-मेरठ रोड पर व्यावसायिक मार्केट सहित करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति थी. परिवार में पत्नी अनिता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू हैं.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बड़ा बेटा निखिल लंबे समय से पिता पर पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था. हालांकि हरिओम पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट में कुछ दुकानें दे चुके थे, लेकिन वह बाकी संपत्ति भी अपने नाम चाहता था. इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था.

शराब के नशे में घर पहुंचा, फिर चली गोलियां

पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 12 बजे निखिल शराब के नशे में घर पहुंचा. पिता ने शराब पीने पर नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि निखिल ने पिस्टल निकाल ली और पिता पर लगातार फायर कर दिए. गोलियां हरिओम के चेहरे, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं.परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी पिस्टल लेकर मौके से फरार हो गया.

2018 में भी भाई पर चला चुका है गोली

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी निखिल शराब पीने का आदी था. साल 2018 में उसने अपने छोटे भाई नीशू पर भी फायरिंग की थी, जिसमें वह घायल हुआ था. अब पुलिस उस पुराने मामले का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले आरोपी किन लोगों के साथ था.

UP Weather Today: मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से बढ़ी गर्मी और उमस, जानिए आज कहां-कहां बरसेंगे बदरा…

चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी और एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं. संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि संपत्ति विवाद सहित पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.