लखनऊ. सुभसपा सुप्रीमो और योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव पर करारा तंज कसते हुए नसीहत दे डाली है. उन्होंने कहा कि अखिलेश जी, वैसे तो विदेश से आपका मोह बहुत ज़्यादा है लेकिन इधर देख रहा हूं कि आप विदेश के चक्कर ज़्यादा लगाने लगे हैं. पता लगाया तो माज़रा कुछ और निकला. पता चला है कि चुनाव जीतने के लिए आपने एक विदेशी कंपनी को खुफिया काम पर लगाया हुआ है. इसका काम जातियों में लड़ाई लगवाने का है ताकि आपकी 2027 की नैया पार लग सके, जो वैसे लगने वाली नहीं है. इसी की मॉनिटरिंग के लिए आप ख़ुद ही घूम रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी से भाजपा का असली चेहरा बेनकाब, 2027 में जनता देगी जवाब : अखिलेश यादव
आगे ओपी राजभर ने कहा कि अरे महाराज, आपके पीडीए का नारा ‘पीट देगा अहिर’ खुद ही पिट गया है और आप करोड़ों अरबों ख़र्च कर नये-नये तरीके आजमा रहे हैं. जनता सब देख रही है. उसे ये भी दिख रहा है कि आपके नेता-सांसद जंतर-मंतर की परिक्रमा कर रहे हैं, लेकिन आप नहीं जा रहे हैं. आप तो ठहरे एसी-पीसी और ट्विटर वाले नेताजी. जंतर-मंतर तो जाएंगे नहीं, हां, उसके नाम पर फंडिंग इकट्ठी करेंगे और पुराना रखा माल इकट्ठा कर चुनाव में खपाने के लिए विदेशी कंपनी पर लुटा आयेंगे.
इसे भी पढ़ें- KGMU में नॉन-वेज बैन पर सियासी घमासान, सपा ने बताया ‘तुगलकी फरमान’, भाजपा बोली- यह विश्वविद्यालय का फैसला
आगे ओपी राजभर ने ये भी कहा कि विदेशियों के चक्कर में मत पड़िए मित्र. चुनावी प्रतिष्ठा तो जा चुकी है पैसा भी बर्बाद हो जाएगा. फंडिंग से चुनाव जीता जाता तो राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल घर में बेरोजगार नहीं बैठे होते. हम तो आपके मित्र हैं, समझाना हमारा काम है, समझें तो ठीक वरना आप समझदार हैं. जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव.

