आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर सपा प्रमुख की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है और पुलिस कार्रवाई भी जारी है, इसलिए अखिलेश यादव को इस विषय पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।

उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करती है तथा गुंडों, माफियाओं और अपराधियों का समर्थन करती रही है। उन्होंने कहा कि सपा का इतिहास दलितों और पिछड़ों के साथ अन्याय का रहा है और पार्टी पीडीए के नाम पर केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

READ MORE: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए “फर्जी” है, जबकि भारतीय जनता पार्टी में सामाजिक समरसता और सभी वर्गों का वास्तविक प्रतिनिधित्व देखने को मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि आजमगढ़ की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा का कमल खिलाने का लक्ष्य लेकर संगठन को काम करना चाहिए।

READ MORE: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का रायबरेली दौरा: राम मंदिर चोरी पर दिया बड़ा बयान, गौ रक्षा यात्रा का भव्य स्वागत

इस अवसर पर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अखिलेश कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, पूर्व जिला अध्यक्ष जयनाथ सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।