कुलदीप सिंह, फतेहपुर. जिले के थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका के पति और प्राथमिक विद्यालय के सरकारी अध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पति ने अवैध संबंध के शक और आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी और घटना को दुर्घटना दिखाने के लिए शव को अस्पताल ले जाकर नाटक किया था. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और अन्य सामान बरामद कर लिया है.
बता दें कि वादी धर्म सिंह निवासी- ग्राम जखनी, थाना राधानगर, ने बताया कि उनकी पुत्री शालनी यादव (30) की शादी 3 दिसंबर 2017 को हिन्दू रीति-रिवाज से दिलीप कुमार पुत्र महादेव निवासी- ग्राम अन्दीपुर, थाना असोथर, हाल मुकाम नासिरपीर गैस एजेंसी के पास, थाना कोतवाली, के साथ हुई थी. दोनों का एक 8 वर्ष का पुत्र भी है.
इसे भी पढ़ें- जिसे LOVE समझा, धोखा निकलाः शादी का झांसा देकर युवती से रेप, मारपीट कर दी धमकी, जानिए मोहब्बत से ‘मुसीबत’ बनने की पूरी कहानी
मृतका के पिता का आरोप है कि दिलीप कुमार के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसका शालनी विरोध करती थी. इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था. 7 अगस्त की रात्रि को आरोपी पति ने अपने भाइयों संदीप कुमार और भूपेन्द्र के साथ मिलकर धारदार हथियार से शालनी की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए घर को पानी से धोकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शालनी मृत अवस्था में मिली.
थाना कोतवाली में इस संबंध में बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई थी. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त दिलीप कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय में सरकारी अध्यापक है और उसकी पत्नी शालिनी ट्रुथ मिशन स्कूल फतेहपुर में प्राइवेट अध्यापिका थी. पिछले डेढ़ साल से दोनों के बीच संबंध खराब चल रहे थे.
इसे भी पढ़ें- BJP के लिए राम मंदिर कमाई का जरिया… अजय राय ने CEO की नियुक्ति पर योगी सरकार को घेरा, भाजपा और RSS पर लगाए गंभीर आरोप
8 अगस्त की सुबह करीब 5:15 बजे शालिनी को आंगन में बर्तन धोते देख आरोपी ने कुकर के ढक्कन से उसके सिर पर पीछे से लगातार तीन वार किए, जिससे वह बेहोश होकर गिर गई. इस दौरान पास रखा कांच का गिलास टूटने से उसके दाहिने पैर में घुटने के पास चोट लग गई. इसके बाद आरोपी ने शालिनी को पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में डालकर उसकी गर्दन पकड़कर डुबोए रखा, जिससे उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद उसने बाथटब का वॉल्व खोलकर खून के छींटे और पानी बहा दिया और खुद मॉर्निंग वॉक का नाटक करने निकल गया. वापस आकर उसने अपने भाइयों को बुलाया और शालिनी के गिरने से चोट लगने की बात कहकर उसे टियागो कार से अपेक्षा हॉस्पिटल, ताम्बेश्वर मंदिर के पास ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को वापस लाकर दुर्घटना की कहानी गढ़ी गई.


