लखनऊ. बिजनौर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने करीब 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने युवती से शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो कथित तौर पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी.
इसे भी पढ़ें- BJP के लिए राम मंदिर कमाई का जरिया… अजय राय ने CEO की नियुक्ति पर योगी सरकार को घेरा, भाजपा और RSS पर लगाए गंभीर आरोप
बता दें कि मामले में पीड़िता की शिकायत पर 3 अगस्त 2026 को बिजनौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अन्नू यादव पुत्र श्याम सिंह यादव, निवासी दुर्गापुरी कॉलोनी, बिजनौर, लखनऊ के रूप में हुई है.
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर दो टीमों का गठन किया गया था. पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. बुधवार को पुलिस ने उसे नटकुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया.
इसे भी पढ़ें- विकास नहीं दिखता तो गड्ढे…नोएडा एयरपोर्ट में जलभराव को लेकर अखिलेश के बयान पर MLA धीरेन्द्र सिंह का पलटवार, जानिए ऐसा क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को वर्ष 2023 में मिला था. उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत काम करने की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने की बात भी कही. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.


