फिरोजाबाद. जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को इटावा जनपद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लूट के दो वांछित आरोपी मारे गए. मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई, जिसमें एसओजी के दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. घटना शिकोहाबाद के नीम खेरिया गांव के पास खेतों में हुई.
इसे भी पढ़ें- पश्चाताप के समय बेचैन नहीं हुआ जाता…जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना, लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार दोनों बदमाश ट्रेन से शिकोहाबाद की ओर आ रहे थे. इटावा पुलिस को इनकी लोकेशन मिलने के बाद जनपद पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की. पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से जबरदस्त फायरिंग हुई. फायरिंग के बाद बदमाश खेतों की तरफ भागने लगे. सूचना मिलते ही एसएसपी आदित्य लांगहे और एसएसपी इटावा अधीनस्थ अधिकारियों सहित जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया.
मुठभेड़ के दौरान दो लोगों को गोली लगी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए. मारे गए बदमाशों की पहचान अंकित और सुमित के रूप में हुई है. दोनों पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे और वह पुलिस को लंबे समय से वांछित थे. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी इटावा में एक डॉक्टर के साथ हुई लूट की घटना में शामिल थे. उसी मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी.
इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में बदमाश बेलगाम! दिनदहाड़े पुलिस बूथ के पास से तमंचे की नोंक पर लूट, कहां खाक छान रहे कानून के रखवाले?
इस मुठभेड़ में इटावा एसओजी के दो सिपाही पुष्पेंद्र और डेविड भी घायल हो गए हैं. घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है. फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर आगे की जांच शुरू कर दी है. एसएसपी ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ लंबित मुकदमों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है.

