सतीश सिंह, लखनऊ. रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को गिराए जाने के रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी मामले में कानून अपना काम कर रहा है और इस कार्रवाई से विपक्ष की बेचैनी स्वाभाविक है.

इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में बदमाश बेलगाम! दिनदहाड़े पुलिस बूथ के पास से तमंचे की नोंक पर लूट, कहां खाक छान रहे कानून के रखवाले?

शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि जिस जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुआ, उसमें सरकारी जमीन और संसाधनों का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी के निर्माण और उससे जुड़े मामलों में आजम खान और सैफई परिवार की भूमिका रही है. राजभर ने यह भी दावा किया कि सरकारी संसाधनों का लाभ कुछ खास लोगों को पहुंचाया गया.

इसे भी पढ़ें- ‘राम के नाम पर चंदा लूटकर अपना घर बनाया…’, बलिया में सपा विधायक जयप्रकाश अंचल का बीजेपी पर हमला, जानिए क्या कहा

राजभर ने कहा कि जब अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई हो रही है तो इससे परेशान होने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में अवैध इमारतों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और कानून के दायरे में आने वाले मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा, “पश्चाताप के समय बेचैन नहीं हुआ जाता, आत्मग्लानि महसूस करनी चाहिए. हमारे पुरखों ने कहा है- जैसी करनी, वैसी भरनी.” गौरतलब है कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने जौहर यूनिवर्सिटी परिसर के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने का आदेश जारी किया है, जिसके बाद इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है.