कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. शहर कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े तमंचे के बल पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. लाइन बाजार थाना क्षेत्र के आदमपुर स्थित देशी शराब की दुकान की बिक्री का लगभग 1 लाख रुपये लेकर लौट रहे कर्मचारी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने नकदी लूट ली और फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ें- ‘राम के नाम पर चंदा लूटकर अपना घर बनाया…’, बलिया में सपा विधायक जयप्रकाश अंचल का बीजेपी पर हमला, जानिए क्या कहा
घटना को जिस प्रकार बताई जा रही है कि आदमपुर स्थित देशी शराब की दुकान का कर्मचारी स्कूटी से दिनभर की बिक्री की करीब एक लाख रुपये की नकदी लेकर लौट रहा था. शाम करीब 5:55 बजे जैसे ही वह स्टेशन मील चौराहा के निकट रेलवे अंडरपास पुलिया के अंदर पहुंचा, पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया. बदमाशों ने कर्मचारी पर असलहा सटाकर नगदी से भरा बैग छीन लिया और चौकियां रोड की ओर फरार हो गए.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस रेलवे अंडरपास के भीतर यह वारदात हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस बूथ स्थित है. इसके बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर लूट की घटना को अंजाम दिया, जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित मार्गों पर जांच अभियान चला रही हैं.
इसे भी पढ़ें- टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी, छह माह में 3.37 लाख से अधिक मरीजों की पहचान
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. लोगों का कहना है कि पुलिस बूथ के समीप ही यदि इस तरह की घटनाएं हो रही हैं तो आम नागरिकों की क्या सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है.

