अनूम मिश्रा, गोंडा. नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अभियान तेज कर दिया है. विभागीय टीम ने करनैलगंज और बालपुर बाजार में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की. इस दौरान करनैलगंज में करीब 160 किलो संदिग्ध घी जब्त किया गया, जबकि घी और कुट्टू के आटे सहित कुल तीन नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए.

इसे भी पढ़ें- देश के ढांचे को कमजोर करने के लिए…राहुल गांधी और विपक्ष के प्रदर्शन पर मंत्री दानिश आजाद का निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?

खाद्य विभाग की टीम ने करनैलगंज बाजार में विकास कुमार शुक्ल के प्रतिष्ठान पर छापा मारा. जांच के दौरान घी के दो नमूने लिए गए. गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर टीम ने मौके से करीब 160 किलो घी जब्त कर लिया. अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इसके बाद टीम ने बालपुर बाजार में अंशुमणि त्रिपाठी के प्रतिष्ठान से व्रत में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे का नमूना संग्रहित किया. इसके अलावा आसपास की दुकानों पर कुट्टू और सिंघाड़े के आटे की गुणवत्ता की जांच की गई. विभाग ने बताया कि संग्रहित नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है.

इसे भी पढ़ें- ‘तूने ही मेरी भैंस पर कराया जादू…’ सनक की हद पार! चाचा की पीट-पीटकर हत्या, चाची की हालत नाजुक

विभाग ने स्पष्ट किया कि पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान मिष्ठान, तेल, घी और व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की लगातार जांच की जाएगी. जांच में मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.