गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन आयोजित कर करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है, सभी समस्याओं पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- पूछता है, रायबरेली…राहुल गांधी के खिलाफ सड़क पर लगे पोस्टर, छात्र विरोधी चेहरा बताते हुए लिखी की तीखी बात
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लिए. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान होना चाहिए.
अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. वहीं, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के प्रार्थना पत्रों पर उन्होंने अस्पतालों से इस्टीमेट की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंचीं. मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया.
इसे भी पढ़ें- अभी भी भ्रष्ट भाजपा सरकार… अखिलेश यादव का राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर तीखा हमला, VIDEO शेयर कर लगाए गंभीर आरोप
इससे पहले शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की. उन्होंने कुछ गोवंश को उनके नाम लेकर पुकारा, जिन्हें उनकी आवाज पहचानते ही वे उनके पास दौड़े चले आए. मुख्यमंत्री ने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया, उनके माथे पर स्नेहपूर्वक हाथ फेरा तथा गोशाला के अन्य गायों और नंदी को भी गुड़ खिलाया. उन्होंने गोशाला के कार्यकर्ताओं को गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए.


