गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव अपने गिरेबान में कब झांकेंगे? मंत्री अनिल राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, गंभीर आरोप लगाते हुए कह दी बड़ी बात
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान कर सके. साथ ही सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए. हर फरियादी की समस्या का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ किया जाए. उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए. पारिवारिक विवादों के मामलों में पहले आपसी संवाद के माध्यम से समाधान तलाशने और आवश्यकता पड़ने पर विधिक कार्रवाई करने को कहा.
इसे भी पढ़ें- पहले विपक्ष ने किसानों को भड़काया था, अब… CM योगी ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, जिन्ना को महिमामंडित करने का आरोप लगाते हुए दिया बड़ा बयान
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को नमन किया. इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की और गायों व अन्य गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया. मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं को गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.


