हरदोई । उत्तरप्रदेश के हरदोई जिले में 5 रुपए के चक्कर में एक मासूम की जान चली गई। जिले के शाहाबाद कोतवाली इलाके में खेल-खेल में दो बच्चे आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक मासूम पांच रुपए लेकर भाग गया और 5 दिन बाद उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।
पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा
शक के आधार पर पुलिस ने दूसरे बच्चे के पिता को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। इस दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ, आरोपी ने बताया मेरे बेटे के साथ उसकी झूमाझटकी हुई थी और वह बेहोश हो गया था। जिसके बाद मैंने अपने बेटे की जान बचाने के लिए उसकी हत्या कर दी।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने बताया आरोपी छोटेलाल का बेटा विनोद, आयुष के साथ खेल रहा था। इसी दौरान आयुष ने विनोद से 5 रुपए जीत लिए, जिसके बाद दोनों के बीच झीनाझपटी हुई। भागते समय आयुष ईट पर गिरकर बेहोश हो गया और छोटेलाल उसे अस्पताल ले जाने के बजाय अपने घर ले गया। काफी टाइम तक इंतजार के बाद भी आयुष को होश नहीं आया, तो छोटेलाल ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया।

